ढाई करोड़ की फिरौती मांगने वाले बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार सोमवार सुबह नौल्था में हुई मुठभेड़
ढाई करोड़ की फिरौती मांगने वाले बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार सोमवार सुबह नौल्था में हुई मुठभेड़

पानीपत में ढाई करोड़ की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों की सोनीपत एसटीएफ और सीआईए-1 पानीपत के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ इसराना क्षेत्र के नौल्था गांव के पास आज सुबह करीब तीन बजे हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसके तीन अन्य साथी भी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों ने व्यापारी से ढाई करोड़ की रंगदारी मांगी थी।
पुलिस के अनुसार पानीपत सीआईए-1 और सोनीपत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने बदमाशों को घेरा। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश, जिसकी पहचान परमीत के रूप में हुई है, के पैर में गोली लगी। उसके तीन अन्य साथियों देवेंद्र, साहिल और अमन को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
ये बदमाश सेक्टर-12 के व्यापारी यशपाल गर्ग से 2.5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में वांछित थे। यह धमकी 18 दिसंबर को बंबीहा गैंग के नाम पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन हथियार बरामद किए हैं, जिनमें दो विदेशी निर्मित पिस्तौल शामिल हैं।
ये सभी आरोपी पानीपत जिले के गांव शहरमलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। वर्तमान में घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ टीम ने बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए, जिनमें दो विदेशी पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस शामिल हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेजा गया है।
कार्रवाई का नेतृत्व एसटीएफ इंचार्ज योगेंद्र दहिया ने किया। मुठभेड़ के बाद पानीपत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।