अजित पवार विमान हादसा, बारामती में आज अंतिम संस्कार, PM मोदी की मौजूदगी संभव

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार के निधन की खबर ने पूरे राज्य को गहरे सदमे में डाल दिया है। बुधवार 28 जनवरी की सुबह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने ऐलान किया है कि उनका अंतिम संस्कार आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दुखद घटना के बाद बारामती से लेकर मुंबई और दिल्ली तक शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के साथ साथ आम लोग भी इस अपूरणीय क्षति को लेकर भावुक नजर आ रहे हैं।
अंतिम संस्कार में बड़े नेताओं की मौजूदगी की संभावना
अजित पवार के अंतिम संस्कार में देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। गृह मंत्री अमित शाह ने बारामती पहुंचने की पुष्टि की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की विशेषज्ञ टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मौसम कारण था या तकनीकी खामी या फिर कोई मानवीय चूक इस हादसे की वजह बनी।

कैसे हुआ हादसा और कौन कौन थे विमान में सवार
अजित पवार बुधवार सुबह करीब आठ बजकर दस मिनट पर मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। पुणे जिले में उन्हें स्थानीय निकाय चुनावों के लिए चार जनसभाओं को संबोधित करना था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार 16 साल पुराना लियरजेट 45 विमान सुबह करीब आठ बजकर चवालीस मिनट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में पायलट कैप्टन सुमित कपूर को पायलट कैप्टन शांभवी पाठक अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदित जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई। अजित पवार की पहचान उनकी कलाई घड़ी से की गई। मलबा रनवे के बाईं ओर मिला और आपात सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं।
राजनीतिक विरासत और बारामती में अंतिम दर्शन
अजित पवार का पार्थिव शरीर बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यह वही शैक्षणिक संस्थान है जिसे उनके मार्गदर्शन में विकसित किया गया था। आठ बार विधायक और एक बार सांसद रहे अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति का मजबूत स्तंभ माना जाता था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद बारामती पहुंचे और इस निधन को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक अच्छे मित्र को खो दिया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सितंबर 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी लियरजेट 45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसमें सभी यात्री बच गए थे। बारामती आज अपने सबसे प्रभावशाली नेता को अंतिम विदाई देने की तैयारी में है।