Bihar Vote Counting: EVM घोटाले की आहट? RJD ने लगाया बड़ा आरोप, चुनाव आयोग पर उठे सवाल

Bihar Vote Counting: बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान समाप्त होने के बाद अब वोटों की गिनती जारी है। इस बीच, रोहतास जिले से एक बड़ी विवादित खबर सामने आई है। आरजेडी (राष्ट्रीय जनता दल) ने आरोप लगाया है कि सासाराम काउंटिंग सेंटर में बिना किसी पूर्व सूचना के ईवीएम (EVM) से भरा एक ट्रक दाखिल हुआ। जैसे ही यह खबर फैली, आरजेडी कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक के अंदर खाली बॉक्स थे, लेकिन प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
आरजेडी का आरोप — CCTV बंद और ट्रक ड्राइवर फरार
आरजेडी ने इस घटना से जुड़ा एक वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया है, जिसमें कई सवाल खड़े किए गए हैं। पार्टी ने पूछा कि आखिर जिला प्रशासन ने बिना सूचना के ईवीएम ट्रक को काउंटिंग सेंटर में क्यों जाने दिया? ट्रक ड्राइवर को पकड़ने के बजाय जाने क्यों दिया गया? और सबसे बड़ा सवाल — काउंटिंग सेंटर का CCTV फीड दोपहर 2 बजे के बाद अचानक क्यों बंद कर दिया गया?
आरजेडी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि पूरे मामले की CCTV फुटेज सार्वजनिक की जाए और स्पष्ट किया जाए कि ट्रक में क्या था। साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर मामले की सच्चाई सामने नहीं आई, तो हजारों कार्यकर्ता मतगणना केंद्र पर पहुंचकर “मत चोरी” रोकने के लिए आंदोलन करेंगे।
ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मचा हंगामा
दरअसल, यह पूरा विवाद रोहतास जिले के सासाराम क्षेत्र के ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक खाली टिन के बॉक्स लेकर स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में पहुंचा था। इसके बाद आरजेडी समेत कई दलों के समर्थक मौके पर इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल को बुलाना पड़ा। हंगामे के बीच कई उम्मीदवारों ने CCTV कैमरों के बंद होने को लेकर भी सवाल उठाए और स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरने पर बैठ गए। विरोध करने वालों में दिनारा सीट से आरजेडी प्रत्याशी राजेश यादव, सासाराम से सतेन्द्र साह और नोखा से अनीता चौधरी शामिल थीं।

डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी रोशन कुमार ने स्वीकार किया कि परिसर में एक ट्रक आया था जिसमें खाली बॉक्स थे। हालांकि, प्रशासन ने यह भी कहा कि ट्रक के अंदर कोई ईवीएम मशीन नहीं थी। वहीं, जिलाधिकारी ने मामले की पूरी जानकारी के लिए चेनारी विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर सह एडीएम लालित रंजन से स्पष्टीकरण मांगा है। जांच जारी है और चुनाव आयोग को इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट भेजी जाएगी। हालांकि प्रशासन की सफाई के बावजूद, आरजेडी ने मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह मामला लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।