हरियाणा विधानसभा का सत्र आज से, सत्र अवधि बढ़ाने के कांग्रेस के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री का प्रहार कांग्रेस सरकार ने 2008, 2010, 2011, 2012 में सिर्फ 2 सेशन किए
हरियाणा विधानसभा का सत्र आज से, सत्र अवधि बढ़ाने के कांग्रेस के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री का प्रहार कांग्रेस सरकार ने 2008, 2010, 2011, 2012 में सिर्फ 2 सेशन किए

Satya Khabar, Panchkula
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) ने सत्र की अवधि पर अंतिम मुहर लगा दी है। सत्र 3 दिवसीय होगा जो 18, 19 और 22 दिसंबर को रहेगा।
बीएसी की बैठक में स्पीकर हरविंद्र कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ़ा और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूद रहे।
नेता विपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि हमने अवधि बढ़ाने की मांग की थी। लेकिन बीएसी ने इसे स्वीकार नहीं किया।
बीएसी की बैठक के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “BAC की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई है। शीतकालीन सत्र 3 दिन चलेगा। सरकार हर बिंदु पर चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार है। जहां तक सत्र की समय अवधि को बढ़ाने की बात है तो उस पर हाउस भी निर्णय कर सकता है। 2004 में कांग्रेस की सरकार के दौरान मात्र 2 दिन का सेशन बुलाया गया था। 2005 में तीन दिन का बुलाया गया था। 2007 में सिर्फ दो सेशन साल में हुए जो मार्च और सितंबर में हुए थे।
कांग्रेस सरकार ने 2008, 2010, 2011, 2012 में सिर्फ 2 सेशन किए थे। इस प्रथा को पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बदला। 2014 के बाद सत्र 4 दिन का हुआ। 2024 में हमने पांच दिन का किया। विधायी कार्य के हिसाब से सत्र चलता है। विपक्षी साथी सार्थक चर्चा करें और जनता के मुद्दे लेकर आएं। विपक्षी नेता अपनी बात तो करते हैं, लेकिन जब सरकार जवाब देती है तो वॉकआउट करते हैं, सरकार की बात भी सुननी चाहिए। कांग्रेस फ्रस्ट्रेशन में है। कांग्रेस अभी भी हार को पचा नहीं पा रही है। ये लोग सोच कर बैठे थे कि इनकी सरकार बन रही है, लेकिन जनता ने 11 साल के डबल इंजन की सरकार के काम पर मुहर लगा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चाहते हैं कि सार्थक चर्चा हो, पिछले सत्र में एक दिन तो पूरा इन्होंने बर्बाद कर दिया था। उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी, शीशा साफ करता रहा। कांग्रेस पार्टी झूठ का सहारा ले रही है। बाबा भीमराव अंबेडकर जी के संविधान को कोई खतरा नहीं है। अगर खतरा है तो कांग्रेस पार्टी को ख़तरा है।
बीएसी की बैठक के बाद हरियाणा कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में हांसी को नया जिला बनाने की मंजूरी प्रदान की गई। इस निर्णय के साथ ही हांसी हरियाणा राज्य का 23वां जिला होगा। अब जल्द ही इसका गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। हांसी जिले में हांसी और नारनौंद दो उपमंडल होंगे। जिले में कुल 110 गांव शामिल किए गए हैं।