हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी संभाल रहे पंजाब में विधानसभा चुनावों की कमान
पंजाब सरकार की नीतियों और हरियाणा सरकार की नीतियों का कर रहे विश्लेषण

सत्य खबर हरियाणा
CM Nayab Saini : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी अब लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। पिछले करीब दो माह में वे पंजाब में करीब आधा दर्जन बड़ी रैलियों में शिरकत कर चुके हैं। इसके अलावा वे प्रत्येक सप्ताह पंजाब दौरे पर जा रहे हैं। पंजाब में विभिन्न डेरों में जाकर भी आशीर्वाद ले रहे हैं तो चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा मुख्यालय में भी बैठकों में शामिल हो चुके हैं।
पंजाब में अब विधानसभा चुनाव में 1 साल से भी काम का समय बचा है। अगले साल के शुरूआत में विधानसभा के चुनाव हैं। पंजाब चुनाव को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी स्टार प्रचारक की भूमिका अभी से निभा रहे हैं। वह कहते हैं कि आज समय की पुकार है कि पंजाब में सकारात्मक बदलाव आए। हमें ऐसा रंगला पंजाब बनाना है, जहां खेतों में फिर से हरियाली लहलहाए, उद्योगों में नए रोजगार के अवसर सृजित हों और युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले। समृद्ध किसान, सशक्त उद्योग और आत्मविश्वासी युवा, यही नए पंजाब की पहचान बने। जिस तरह हरियाणा में हमारी सरकार ने जनकल्याण, पारदर्शिता और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य करते हुए विकास की नई दिशा दिखाई है। हमारा विश्वास है कि सुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से हर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है।
हरियाणा की उपलब्धियों का जिक्र पंजाब में
खास बात यह है कि पंजाब की जनसभाओं व बैठकों में मुख्यमंत्री नायब सैनी हरियाणा और पंजाब के तुलनात्मक आंकड़े रखते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार को घेर रहे हैं। खासकर पैंशन व कृषि से संबंधित मुद्दों को वे जनता के बीच ले जा रहे हैं। सैनी का कहना है 11 वर्षों में भाजपा की सरकार ने वृद्धावस्था पैंशन को 2200 रुपए बढ़ाकर 3200 रुपए प्रति माह किया है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पैंशन 1500 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए करने की बात कही, जोकि आज तक पूरी नहीं की गई। इसी तरह से वे खेती का मुद्दा उठाते हुए कहते हैं पंजाब व हरियाणा दोनों की अर्थव्यवस्था खेती पर आधारित है। पंजाब सरकार द्वारा बाढ़ के समय किसानों की अनदेखी और हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को मुआवजा देने की भी चर्चा हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब के लोगों के बीच कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पंजाब में किसानों को बताते हैं कि हरियाणा में किसानों को 24 फसलों पर समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। किसानों के लिए हरियाणा की भाजपा सरकार ने मेरा पानी-मेरी विरासत, भावांतर भरपाई, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, अटल भूजल जैसी योजनाएं लागू की हैं। वह सवाल करते हैं कि पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है या नशे और निराशा के अंधकार में धकेला जा रहा है? क्या किसान संतोष की सांस ले पा रहा है या कर्ज और अनिश्चित नीतियों के बोझ तले दबा है।
वे सवाल उठाते हुए कहते हैं कि क्या व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहा है या फिरौती और असुरक्षा के साये में जी रहा है? मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के लिए भाजपा को अवसर दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी। भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंची, पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रही। किसानों से कर्ज माफी और युवाओं को रोजगार के वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे।
दिल्ली व बिहार में भी दिखे थे सक्रिय
खास बात यह है कि पिछले साल जनवरी में दिल्ली विधानसभा के चुनावों में भी नायब सैनी मुख्य स्टार प्रचारकों में से एक थे और उन्होंने दिल्ली में करीब एक माह के दौरान 15 से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया था। खासकर यमुना के पानी को लेकर उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला था और खुद भी हरियाणा में यमुना का पानी पिया था। दिल्ली में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत हासिल की थी और सरकार बनाई थी। उस समय मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गोहाना की जलेबियां बांटकर जीत की खुशी मनाई थी।
इसी तरह से पिछले साल नवंबर में हुए बिहार के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कई रैलियों को संबोधित किया था। उन्होंने जिन-जिन सीटों पर जनसभाएं की थीं, वहां पर भाजपा कमल खिलाने में सफल रही थी। अब मुख्यमंत्री नायब सैनी पड़ौसी राज्य पंजाब के चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हैं। पिछले करीब दो माह में ही उनके नेतृत्व में आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस छोडक़र कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पंजाब में अब तक भाजपा का प्रदर्शन अधिक अच्छा नहीं रहा है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में तीन बार अकाली दल के साथ गठबंधन सरकार का हिस्सा रह चुकी है।
#Haryana #ChiefMinister #NayabSaini #PunjabElections #AssemblyElections #PoliticalLeadership #Election2023 #HaryanaPolitics #PunjabPolitics #VoteForChange #LeadershipInAction #ElectionUpdates #DemocracyInMotion #SainiInCharge #PoliticalCampaigns #UnityInDiversity #VotingMatters #MakeYourVoiceHeard #Punjab #HaryanaNews