
Satya khabar,Delhi
Haryana Connection in Delhi Bomb Blast : दिल्ली में लाल किले के पास कल देर शाम को हुए बम धमाका में हरियाणा का कनेक्शन जुड़ा हुआ है। इस मामले में गुरुग्राम और फरीदाबाद से सीधे तार जुड़े हुए पाए गए हैं।
गुरुग्राम से कनेक्शन
दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई i20 कार गुरुग्राम के शांति नगर में रजिस्टर्ड थी। सलमान परिवार के साथ इसी मकान में किराए पर रहता था। सलमान परिवार के साथ इस मकान में साल 2017 से साल 2021 तक रहा। उसके बाद वह सोहना की एक सोसाइटी में शिफ्ट हो गया था। सलमान के परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। सलमान निजी कंपनी में काम करता है।
शुरुआती पूछताछ में गुरुग्राम निवासी सलमान ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार करीब डेढ़ साल पहले ही दिल्ली के ओखला क्षेत्र निवासी देवेंद्र को बेच दी थी। अंत में यह गाड़ी पुलवामा के तारिक नाम के शख्स को बेची गई थी।
गुरुग्राम नंबर की कार का पता चलने पर गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम शांति नगर के मकान पर देर रात पहुंची। सलमान मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने मकान मालिक दिनेश को साथ लेकर सोहना की सोसाइटी में गई। इसके बाद वहां से सलमान को हिरासत में लिया। सलमान ने बताया कि उसने सेकंड हैंड कार साल 2017 के बाद खरीदी थी। किराए के मकान पर रजिस्टर कराई थी जबकि मकान मालिक को इस बारे में जानकारी नहीं थी। जिस कार में ब्लास्ट हुआ, उसके मालिक तारिक को पुलवामा से हिरासत में लिया गया है।
फरीदाबाद कनेक्शन
सूत्रों ने बताया, ‘लाल किले के बाहर कार में धमाका आतंकी हमला है। कार में विस्फोटक लगाया गया था और धमाका किया गया। एजेंसियों को फिदायीन हमले का भी शक है। ‘ सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि इस धमाके के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं।
दिल्ली धमाके में पुलवामा के रहने वाले उमर मोहम्मद का नाम सामने आया है। उमर मोहम्मद पेशे से एक डॉक्टर हैं। उमर जैश-ए-मोहम्मद के उस मॉड्यूल से जुड़ा है, जिसके सात आतंकी कल ही पुलिस ने गिरफ्तार किए है और उनके पास से 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था। कल उसका नाम सामने आया था। पुलवामा के रहने वाले तारिक ने कार उमर को दी थी। शुरुआती जांच के बाद शक है कि उसके साथियों के पकड़े जाने के बाद वो घबरा गया। अभी उसका कोई सुराग नहीं मिला है, पुलिस जांच कर रही है कि धमाके में उसकी मौत तो नहीं हुई। शक है कि उमर मोहम्मद गाड़ी चला रहा था। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि उमर मोहम्मद कार में था। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई थी। सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद में हुई गिरफ्तारियों के बाद उमर मोहम्मद ने घबराहट में हमले की योजना बनाई। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कार में एक डेटोनेटर रखा और इस आतंकी वारदात को अंजाम दिया। हमले में एएनएफओ (अमोनियम नाइट्रेट फ्यूल ऑयल) का इस्तेमाल किया गया था।
हरियाणा के और भी लोग थे मौके पर
दिल्ली में हुए बम धमाके में अभी किसी मृतक या घायल की पहचान हरियाणा के नागरिक के तौर पर नहीं हुई है लेकिन बताते हैं कि यहां पर हरियाणा के काफी लोग मौजूद थे। पानीपत निवासी महेश मौके पर ही मौजूद था। उसने बताया कि उन्हें ऐसा लगा मानो बाजार के बीच में बहुत बड़ा धमाका हुआ हो। पूरा इलाका धुएं से भर गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।