हरियाणा
Gurugram Accident: तेज रफ्तार ट्रॉली ने ली महिला की जान, ग्वाल पहाड़ी में सड़क हादसा, पति ICU में भर्ती


Gurugram Accident: गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र के ग्वाल पहाड़ी स्थित बालाजी मंदिर के पास मंगलवार शाम को तेज रफ्तार ट्रॉली ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पत्नी साधना (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति दिनेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से कादरपुर के रहने वाले दिनेश शर्मा अपनी पत्नी साधना के साथ मंगलवार शाम करीब 4 बजे ग्वाल पहाड़ी स्थित बालाजी मंदिर बाइक से जा रहे थे। जब वह मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रॉली ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर पास के सन सिटी अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे के बाद ट्रॉली चालक मौके पर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने साधना को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश शर्मा को आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्वाल पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने ट्रॉली का नंबर नोट कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ट्रॉली की गति काफी तेज थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बालाजी मंदिर रोड पर स्पीड लिमिट का पालन कराने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं परिवार में साधना की मौत से गहरा शोक का माहौल है और उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।