Ex CM Bhupendra Singh Hudda, हरियाणा में कांग्रेस वोट चोरी रोकने के लिए पूरी तरह से तैयार SIR का सामना करेंगे कांग्रेस के BLA-II
Ex CM Bhupendra Singh Hudda, हरियाणा में कांग्रेस वोट चोरी रोकने के लिए पूरी तरह से तैयार SIR का सामना करेंगे कांग्रेस के BLA-II

Satya Khabar,Rohtak
हरियाणा में प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा में होने वाले वोटों के विशेष गहन परीक्षण (SIR) के कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और पार्टी ने हरियाणा में वोट चोरी रोकने, सही वोट को काटने से रोकने और गलत वोट नहीं बनने देने के लिए बीएलए-2 की नियुक्तियां कर दी हैं जो, एक-एक वोट पर नजर रखने का काम करेंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा जींद में एक शादी समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पार्टी के जिला अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर, कांग्रेस नेता राजू लखीना, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, युवा नेता दीपक पिंडारा मुख्य रूप से मौजूद थे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर के हरियाणा की पूरी तस्वीर साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात को सुनिश्चित करने का काम कर रही है कि भविष्य में इस प्रकार से वोट चोरी का काम न हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ईवीएम की बजाय बैलेट से चुनाव करवाने की पक्षधर है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आयोग पूरी तरह से निष्पक्ष होता था और इसका उदाहरण है कि उसने इंदिरा गांधी को भी नहीं बख्शा था, लेकिन आज चुनाव आयोग सत्ता की कठपुतली बनकर रह गया है।
हरियाणा में प्रतिपक्ष के नेता ने कांग्रेस में गुटबाजी की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि किसी नेता द्वारा उनका या किसी अन्य नेता का फोटो लगाना और नहीं लगाना यह उसके ऊपर निर्भर करता है। इसे कांग्रेसी गुटबाजी से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस एकजुट है और प्रदेश में आंदोलन में पूरी कांग्रेस ताकत लगा रही है। युवा कांग्रेस के नेताओं द्वारा प्रदेश में कई जगह पर भाजपा नेताओं की फोटो पर कालिख पोतने को उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह ऐसी किसी भी घटना के पक्ष में नहीं है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने अभय चौटाला द्वारा बार-बार उन पर निशाना साधने को लेकर के कटाक्ष किया कि अगर अभय चौटाला की भैंस दूध देने से इनकार कर देगी तो इसके पीछे भी वह मेरा हाथ बता देंगे। प्रदेश के भाजपा विधायक रामकुमार गौतम द्वारा बार-बार की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि वह बहुत बुजुर्ग व्यक्ति हैं, मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा लेकिन इतना जरूर है कि वह कभी कहीं होते हैं और कभी कहीं।
हरियाणा के हालातों पर टिप्पणी करते हुए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा की हालात यह है कि स्कूलों में मास्टर नहीं है, अस्पताल में डॉक्टर नहीं है और पुलिस थाने में सिपाही नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकल चुका है हर रोज हत्या और फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आ रही हैं।