जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलने की उम्मीदें फिर बढ़ी
बुधवार को ट्रेन का हुआ रनिंग ट्रायल

सत्य खबर हरियाणा
Hydrogen Train : जींद से चलने वाली देश की पहली और विश्व की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का आज रनिंग ट्रायल हुआ। सुबह 9:00 बजे जींद जंक्शन रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन निकालकर पिंडारा जंक्शन होते हुए भंभेवा पहुंची। आज रनिंग ट्रेन के साथ ही इस ट्रेन के जल्दी ही पटरी पर सवारियों को लेकर दौड़ने की संभावना बन गई है।
हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल बुधवार को शुरू किया गया। सबसे पहले ट्रेन को जींद स्टेशन से पिंडारा तक ले जाया गया। इसके बाद ट्रेन को भम्भेवा स्टेशन तक चलाकर विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। रेलवे विभाग की तकनीकी टीम सुबह से ही तैयारियों में जुटी हुई थी। ट्रायल के दौरान इंजन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, ईंधन खपत और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग सिस्टम और इंजन के प्रदर्शन पर विशेष नजर रखी गई।
रेलवे के अधिकारियों ने हालांकि आज के ट्रायल को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है लेकिन रेलवे के सूत्रों का कहना है कि आज किए गए रनिंग ट्रायल में ट्रेन पूरी तरह से सफल रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में ट्रेन के इसी प्रकार से एक दो ट्रायल और किए जा सकते हैं। इस ट्रायल के दौरान ट्रेन को जींद से सोनीपत तक भी दौड़ाए जाने की बात कही जा रही है।
अब इस ट्रेन को सोनीपत ट्रैक पर नियमित रूप से चलाने के लिए हरी झंडी मिल सकती है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही रेलवे के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि हाइड्रोजन तकनीक को अपनाने की दिशा में यह अहम कदम है। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रायल के दौरान आम लोगों से ट्रैक के पास न जाने की अपील की है। सफल परीक्षण के बाद जल्द ही इस ट्रेन के नियमित संचालन की हरी झंडी मिल सकती है।
रेलवे सूत्रों का कहना है कि रेलवे से हरी झंडी मिलने के बाद इस ट्रेन को प्रधानमंत्री या केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्रैक पर उतारा जाएगा।
हाइड्रोजन ट्रेन 360 किलोग्राम हाइड्रोजन ईंधन में करीब 180 किलोमीटर का सफर तय करने में सक्षम होगी। जींद से सोनीपत की दूरी लगभग 90 किलोमीटर है। ट्रेन की अधिकतम गति 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
#HydrogenTrain #JindTrain #SustainableTransport #GreenEnergy #CleanTransportation #InnovativeTransport #FutureOfTravel #ClimateSmart #RailwayInnovation #HydrogenEnergy #TrainTravel #EcoFriendly #TransportRevolution #EnergyTransition #RenewableSolutions #IndiaTransport #RailwayDevelopment