कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
विधानसभा घेराव में चंडीगढ़ जाने से रोका

सत्य खबर हरियाणा
Congress Protest : हरियाणा कांग्रेस के आज के विधानसभा घेराव को देखते हुए आज सुबह से पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। इस घेराव के लिए कांग्रेस के नेताओं को चंडीगढ़ पहुंचने का आह्वान किया गया था लेकिन इसी को देखते हुए सुबह से पुलिस ने कांग्रेस के नेताओं को ‘डिटेन’ करने का काम किया। प्रदेश के कई स्थानों से कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है। पुलिस ने इस प्रकार की किसी भी खबर पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
जींद के कांग्रेस नेता पुलिस को चकमा देकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। अलग-अलग करीब एक दर्जन गाड़ियों में कांग्रेस के नेता रवाना हुए। जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप वर्मा को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
अब तक मिली सूचना के अनुसार पुलिस ने हिसार, सिरसा अंबाला, यमुनानगर, पानीपत, फरीदाबाद में यह कार्रवाई की है। इसको लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट की है। सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि “तानाशाही का आलम यह है कि श्रीमान नायब सैनी ने लगभग सब जिलों में पुलिस भेज कर कांग्रेस के साथियों को हाउस अरेस्ट कर रखा है”।
जिला ग्रामीण अध्यक्ष हिरासत में

बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस ने कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष सहित तीन वरिष्ठ नेताओं को उनके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस “प्री-एम्प्टिव” स्ट्राइक (निवारक कार्रवाई) से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
हिसार में हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं में भूपेंद्र गंगवा, एआईआईसीसी सदस्य राजेंद्र संदलाना शामिल हैं। पुलिस ने इनके ड्राइवरों को भी हिरासत में ले लिया है। सुबह 5 बजे हिसार पुलिस तीनों नेताओं के घर पहुंची और इनको कस्टडी में ले लिया।
बता दें कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत आज 25 फरवरी 2026 को चंडीगढ़ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में हिसार से कांग्रेस नेताओं को शामिल होना था।
आज सुबह करीब 5 बजे ही पुलिस प्रशासन ने जिला कांग्रेस कमेटी हिसार के नेताओं के घरों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। विशेष रूप से जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया के निवास स्थान पर 2 से 3 पुलिस गाड़ियां और दर्जनों पुलिसकर्मी पहुंच गए और उन्हें उनके घर पर ही रोकने का प्रयास किया गया, ताकि वे चंडीगढ़ जाकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल न हो सकें।
सरकार की दमनकारी नीति उजागर : बृजलाल
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि सरकार शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध से इतनी भयभीत हो चुकी है कि सुबह अंधेरे में ही कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने जैसी कार्रवाई कर रही है। यह लोकतंत्र की हत्या है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूर, किसान और गरीब वर्ग की सच्ची आवाज है। पुलिस बल भेजकर हमें रोका जा सकता है, लेकिन हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।