चैनत गांव में ग्रामीण और पुलिस फिर आमने-सामने
लोगों के विरोध को देखते हुए फिलहाल चैनत गांव में पाइप डालने का काम रोका

सत्य खबर हरियाणा
Chainat Village Dispute : हांसी क्षेत्र के चैनत गांव में पानी को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया है। प्रशासन द्वारा 36 इंची मुख्य पेयजल पाइपलाइन को दोबारा बिछाने का कार्य शुरू किए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्रामीणों के बढ़ते विरोध और माहौल की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को फिलहाल पाइपलाइन बिछाने का कार्य रोकना पड़ा। मौके पर मौजूद डीएसपी रविंद्र सांगवान ने पुलिस बल को पीछे हटने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गांव में विरोध मार्च निकाला और कहा कि, यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे राष्ट्रपति से मिलकर इच्छामृत्यु की मांग करेंगे। पहले सरकार की जानकारी में टी-कनेक्शन लगाया गया, बाद में उसे हटाकर ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कराया गया और केस दर्ज कर दिए गए।

लाइन बिछाने के कार्य के लिए बिजली निगम के एसडीओ मोहनलाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। एहतियात के तौर पर अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक चैनत गांव को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे किसी भी हालत में इस पाइपलाइन को दोबारा नहीं बिछाने देंगे। ग्रामीण मौके पर डटे हुए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा है कि अगर 36 इंची पाइपलाइन मे टी लगाकर हमें पानी देने पर एतराज है तो इस लाइन को 42 इंची किया जाए ताकि हमें पानी मिल सके।
40 दिन से जारी है आंदोलन
भाखड़ा जल आपूर्ति से जुड़े टी-कनेक्शन विवाद को लेकर गांव में पिछले करीब 40 दिनों से धरना जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी एकमात्र मांग शहरी पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की है। आंदोलन के दौरान कई दौर की वार्ता प्रशासन और सरकार के प्रतिनिधियों के साथ हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। मंत्री रणबीर गंगवा, महिपाल ढांडा, विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों का भी समाधान नहीं निकला।
पुलिस बल तैनात, प्रशासन सतर्क
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरत रहा है। फिलहाल पाइपलाइन बिछाने का काम रोक दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों के रुख को देखते हुए विवाद के जल्द सुलझने के आसार कम नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने गांव के लिए भाखड़ा नहर से आठ किलोमीटर लाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव दिया है जिस पर ग्रामीण तैयार नहीं है। ग्रामीण 36 इंची पाइपलाइन से ही पानी लेने के लिए अड़े हुए हैं।
इस बीच जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने चानौत के विवादित हिस्से को छोड़कर गांव से आगे राजली हेड की दिशा में पाइपलाइन बिछाने का कार्य दोबारा शुरू कर दिया है। कार्यस्थल पर किसी भी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी संजीव त्यागी ने कहा कि, विवादित जगह को छोड़कर पाइपलाइन का कार्य जारी है। विभाग नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
#Haryana #Hansi #ChainatVillage #Villagers #Police #CommunityConflict #LocalNews #HaryanaNews #VillageLife #PublicSafety #LawAndOrder #SocialIssues #RuralIndia #CivicEngagement #ConflictResolution #HaryanaPolice #VillageUnity #CommunityRelations #CurrentAffairs #NewsUpdate