ऑपरेशन पिंपल: कुपवाड़ा में दो आतंकी ढेर, सेना का बड़ा एक्शन

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को शनिवार को एक बड़ी सफलता मिली है। कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन ‘ऑपरेशन पिंपल’ के तहत दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। इस इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार देर रात से सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
भारतीय सेना की चिनार कोर ने अपने एक्स अकाउंट पर बताया कि 7 नवंबर 2025 को घुसपैठ की कोशिश से संबंधित खुफिया इनपुट मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया। खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि कुछ आतंकवादी केरन सेक्टर के रास्ते भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर सेना ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा बलों ने जब संदिग्ध गतिविधि देखी तो आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा गया, लेकिन आतंकवादियों ने जवाब में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए। सेना के मुताबिक, अभी इलाके में तलाशी अभियान जारी है क्योंकि कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मौके से हथियार, गोला-बारूद और पाकिस्तानी मूल के कुछ सामान भी बरामद किए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि ये आतंकी सीमा पार से आए थे।
सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान तड़के सुबह शुरू हुआ था, जो फिलहाल भी जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि कोई भी आतंकी इस इलाके से भागने में सफल न हो। इलाके में सेना ने सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
इस मुठभेड़ को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों से उत्तर कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशें बढ़ी हैं। सेना लगातार एलओसी पर सतर्कता बरत रही है ताकि किसी भी आतंकी गतिविधि को नाकाम किया जा सके।