महाकुंभ से सुर्खियों में आईं हर्षा रिछारिया ने खोला शादी का राज, बताया कैसा होगा जीवनसाथी

महाकुंभ 2025 के दौरान सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में रहीं मॉडल और सनातन धर्म की प्रचारक हर्षा रिछारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनकी शादी को लेकर दिया गया बयान, जिसमें उन्होंने अपने होने वाले दूल्हे को लेकर बड़ा खुलासा किया है। रविवार को उत्तर प्रदेश के कौशांबी पहुंचीं हर्षा रिछारिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपने निजी जीवन से जुड़े सवालों पर खुलकर जवाब दिए।
30 वर्षीय हर्षा रिछारिया ने बताया कि लोग लंबे समय से यह जानना चाहते हैं कि उनकी शादी कब होगी और उनका जीवनसाथी कौन होगा। इस सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि उनका होने वाला दूल्हा कोई फिल्मी अभिनेता या मॉडल नहीं होगा। हर्षा के मुताबिक, उनका जीवनसाथी ऐसा व्यक्ति होगा जो सनातन धर्म को मानने वाला हो, इंसानियत में विश्वास रखता हो और समाज के लिए कुछ करने की सोच रखता हो।
हर्षा इन दिनों ‘शक्ति सृजन यात्रा’ पर हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने प्रयागराज से की है। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना, सनातन संस्कृति की पहचान को मजबूत करना और लव जिहाद जैसे मुद्दों पर समाज को सतर्क करना है। कौशांबी पहुंचने पर उन्होंने कहा कि महाकुंभ के जरिए प्रदेश और देश की सरकारों ने सनातन धर्म को वैश्विक पहचान दिलाई है और वह अपनी यात्रा के माध्यम से इसमें छोटा-सा योगदान देना चाहती हैं।
शादी को लेकर पारिवारिक दबाव के सवाल पर हर्षा ने कहा कि उनके परिवार ने कभी उन पर शादी का दबाव नहीं बनाया। उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग और विश्वास की वजह से ही वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। हर्षा का मानना है कि हर बेटी को ऐसा ही परिवार मिलना चाहिए, जो उसे सही-गलत चुनने की आज़ादी दे और अपने विचारों पर काम करने का हौसला दे।
अपने जीवनसाथी की सोच को लेकर हर्षा ने कहा कि रिश्ते तभी टिकते हैं, जब विचार मिलते हों। उनके लिए धर्म, समाज और मानवता सबसे अहम हैं। यही वजह है कि उनका जीवनसाथी भी ऐसा ही होना चाहिए, जो समाज और संस्कृति के लिए कुछ करना चाहता हो। हर्षा रिछारिया का यह बयान एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ले आया है।