15 अगस्त को सवारी के साथ पटरी पर दौड़ सकती है देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
जींद से सोनीपत के बीच चलेगी पहली हाइड्रोजन ट्रेन, सब कुछ सफल होने पर कुछ और हाइड्रोजन ट्रेन चलाने पर होगा फैसला

सत्य खबर हरियाणा
First hydrogen train of country : देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन का हाई स्पीड ट्रायल चौथे दिन बहादुरगढ़ और शकूरबस्ती के बीच हुआ। सुबह 9:30 बजे हाइड्रोजन ट्रेन को शकूरबस्ती के लिए रवाना किया गया, जहां निर्धारित ट्रैक पर 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन का ट्रायल सफल रहा है। अभी ट्रेन के कुछ ट्रायल और होंगे। इस बात की संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस ट्रेन को 15 अगस्त को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

ट्रायल के दौरान रेलवे और संबंधित तकनीकी टीम के अधिकारियों ने ट्रेन के इंजन, ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग, ट्रैक पर स्थिरता तथा अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया। हाई स्पीड पर ट्रेन के प्रदर्शन, कंपन, नियंत्रण प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरणों की निगरानी भी की गई। पूरे ट्रायल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे ताकि परीक्षण बिना किसी बाधा के पूरा हो सके। इससे पहले भी ट्रेन के कई चरणों में ट्रायल हो चुके हैं जिनमें कम गति पर परीक्षण सफल रहे थे।
अब हाई स्पीड ट्रायल के माध्यम से ट्रेन की अधिकतम संचालन क्षमता और सुरक्षा मानकों का आकलन किया जा रहा है। यदि सभी परीक्षण संतोषजनक पाए जाते हैं तो अगले चरण में संबंधित तकनीकी एजेंसियां अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाई स्पीड ट्रायल से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा।
रेलवे के जानकार सूत्रों का कहना है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 15 अगस्त को सवारियों के साथ चल सकती है। ट्रेन को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाने का काम करेंगे। सूत्रों ने बताया कि अगर प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाने का काम करते हैं तो वह दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का काम करेंगे अगर रेल मंत्री हरी झंडी दिखाने का काम करते हैं तो वह जींद आकर हरी झंडी दिखा सकते हैं।