बेंगलुरु के पास पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत

कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले के मादापट्टना के पास बुधवार सुबह एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया। कावेरी कंपनी की खदान में काम के दौरान अचानक एक विशाल चट्टान मजदूरों पर गिर गई, जिससे सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय खदान में 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
40 फीट ऊंचाई से गिरी विशाल चट्टान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर स्टोन क्रशर क्षेत्र में काम कर रहे थे और एक क्रेन चट्टान को ऊपर उठाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से एक भारी चट्टान अचानक नीचे आ गिरी और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। घायल मजदूरों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सभी मृतक बिहार के रहने वाले
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के मूल निवासी थे और रोज़गार के लिए कर्नाटक में काम कर रहे थे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तावरेकेरे पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाने और अन्य संभावित फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
पुलिस और संबंधित विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ। जांच इस बात की भी की जा रही है कि खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या लापरवाही की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खदानों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।