प्रदूषण के कारण हरियाणा में गर्मी की आहट 10 दिन पहले बंद हुए कूलर और एसी एक बार फिर चले
प्रदूषण के कारण हरियाणा में गर्मी की आहट 10 दिन पहले बंद हुए कूलर और एसी एक बार फिर चले

सत्य खबर, पंचकूला
हरियाणा में प्रदूषण के कारण एक बार फिर से गर्मी की आहट महसूस की जा रही है। जहां 10 दिन पहले कूलर और एसी बंद हो गए थे, वहीं अब दिवाली के बाद कूलर और एक चलने लगे हैं। कल दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन यह 35 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा था। रात में भी तापमान 16 डिग्री से ज्यादा बना हुआ था। अभी यही हालत अगले दो-तीन दिन तक बने रहने की उम्मीद है। हरियाणा के आसमान पर इस प्रदूषण के कारण स्मॉग छाया हुआ है।
हरियाणा में फिलहाल GRAP 2 के प्रतिबंध लागू हैं। हालांकि जींद और धारूहेड़ा में AQI 400 से ज्यादा है और इस हिसाब से यहां GRAP 3 के प्रतिबंध लगा सकते हैं लेकिन चूंकि यह प्रतिबंध पूरे हरियाणा में एक साथ लगाए जाते हैं, इसलिए यहां भी अभी GRAP 2 के प्रतिबंध लगे हुए हैं। अगर AQI 201 से 300 के बीच है, तो हवा खराब मानी जाती है। इसमें GRAP का पहला स्टेज लागू होता है। 301 से 400 के बीच AQI होने पर हवा “बहुत खराब” होती है और GRAP का दूसरा स्टेज लागू किया जाता है।
जब AQI 401 से 450 के बीच होता है, तो हवा “गंभीर” श्रेणी में आती है और GRAP का तीसरा स्टेज लागू होता है। अगर, AQI 450 से ऊपर चला जाए तो हवा “बेहद गंभीर” मानी जाती है और GRAP का चौथा स्टेज लागू होता है। प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ GRAP के नियम भी सख्त होते जाते हैं। GRAP-4 में लगभग लॉकडाउन जैसी स्थिति हो जाती है और किसी भी निर्माण कार्य पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगता है।
हरियाणा ने प्रदूषण के मामले में पूरे देश को पीछे छोड़ दिया है। जींद का AQI 421 पर पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। जींद का AQI पूरे देश में सबसे ज्यादा है। ऐसी हवा में सांस लेने से स्वस्थ आदमी भी बीमार पड़ सकता है। दिल और फेफड़े से जुड़े मरीजों के लिए यह हवा जानलेवा साबित हो सकती है।
10 में से 8 शहर हरियाणा के
देश में सबसे अधिक प्रदूषित टॉप 10 जिलों में से 8 हरियाणा के हैं। जींद, धारूहेड़ा (रेवाड़ी), नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ (झज्जर), चरखी दादरी और सिरसा में प्रदूषण सबसे ज्यादा है। जींद और धारूहेड़ा में 400 से ऊपर AQI दर्ज किया गया है। राजस्थान का भिवाड़ी प्रदूषण के मामले में 7वें और राजधानी दिल्ली 10वें नंबर पर है। दिवाली की रात हरियाणा के 15 जिलों में AQI 500 तक पहुंच गया था।
चिकित्सकों का कहना है कि बचाव के लिए सभी को बाहरी गतिविधियों के दौरान N-95 या डबल सर्जिकल मास्क पहनने चाहिए।
हरियाणा में स्मॉग
हरियाणा के आसमान पर इस समय स्मॉग साफ देखा जा सकता है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, स्मॉग एक तरह का पीला या काला कोहरा होता है। यह वायु प्रदूषण के मिश्रण से बनता है, जिसमें नाइट्रोजन ऑक्साइड, सल्फर ऑक्साइड और कुछ कार्बनिक कंपाउंड शामिल होते हैं। ये सभी मिलकर सूर्य के प्रकाश के साथ प्रतिक्रिया करके ओजोन बनाते हैं। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, दिन में बादल छा सकते हैं और हल्की ठंड बढ़ सकती है, जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा ऊपर रहने की उम्मीद है।
अब अच्छी बारिश ही सहारा
हरियाणा में प्रदूषण के हालात जिस प्रकार के बने हुए हैं उसमें अब बारिश ही एकमात्र सहारा नजर आती है। अच्छी बारिश से ही हरियाणा में अब हवा में सुधार हो सकता है। बारिश नहीं होने की दशा में हरियाणा में AQI और बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।