अजय चौटाला के बयान पर मचा हंगामा, अजय बोले मैंने कुछ गलत नहीं किया
अजय चौटाला के बयान पर मचा हंगामा, अजय बोले मैंने कुछ गलत नहीं किया

Satya Khabar Panchkula
Controversy on Ajay Chautala : जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला के विवादित बयान पर हंगामा मच गया है। बेशक बीजेपी नेता अजय चौटाला को माफ़ी मांगने की कह रहे हैं लेकिन अजय चौटाला ने साफ कहा है कि उन्होंने जो कहा गया वह सही है।
मुख्यमंत्री सैनी समेत भाजपा के कई केंद्रीय प्रवक्ताओं ने चौटाला पर पलटवार किया है। पिछले दिनों महेंद्रगढ़ में अजय चौटाला ने पड़ोसी देशों की हिंसा का जिक्र करते था करते हुए कहा था कि जिस तरीके से हुआ, जेन जी का वैसा ही आंदोलन यहां करना पड़ेगा। शासकों को गद्दी न से खींचकर सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पौटने का काम करना पड़ेगा। इन्हें देश छोड़ने पर मजबूर करना होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए कहा कि वे सत्ता में लंबे समय तक रहे हैं। इस तरह से वयान देना काफी निंदनीय है। इस बयान की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उनके इस बयान से उनकी हताशा झलक रही है। जो लोग इस तरह की बातें करते हैं, जनता उनको जवाब देती है। 2024 में जनता ने उन्हें जीरो कर दिया। जब ये लोग सत्ता में थे तो उन्होंने क्या किया, सबने देखा। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अजय सिंह चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बयान भारत के संविधान और लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान विपक्षी नेताओं के संविधान-विरोधी और भारत-विरोधी रवैये को दिखाते हैं। पूनावाला ने विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए संविधान के खिलाफ जा रहे हैं।
इस बीच जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ में दिए गए बयान को लेकर उठे विवाद पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने कोई भी विवादित या गलत बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री बेवजह उनके बयान पर आपत्ति जता रहे हैं और बिना वजह मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री उनके बयान पर बेवजह पागल हो रहे है। डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि उन्होंने अपने बयान में सिर्फ पडोसी देशों में हुए हालातों का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में ऐसा देखा गया है कि जब जनता पर अत्याचार बढ़ा, तब पब्लिक ने शासकों के खिलाफ खड़े होकर बदलाव किया और तख्तापलट जैसी परिस्थितियां बनीं। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने उसी बयान पर कायम हैं और उसमें कुछ भी गलत नहीं है।
दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता अजय चौटाला के विवादित बयान पर कहा कि “आज जेन-जी का समय है। हर बयान पब्लिक डोमेन में है। यदि इस प्रकार घोटाले होते रहे हैं, तो उनके खिलाफ आवाज उठाना किन्ही भी मायनों में गलत नहीं है। घोटाले की तरफ आवाज उठाने से रोकना चोरी नहीं सीनाजोरी है। ऐसे में जननायक जनता पार्टी सीना जोरी नहीं होने देगी।”
दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता का बचाव करते हुए भाजपा पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल (इमरजेंसी) के दौरान भाजपा के नेता खुद “कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ाकर भगाने” की बातें करते थे, लेकिन जब आज वही बात उनके लिए कही गई तो वे इसे हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से देख रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और HTET परीक्षा परिणामों में धांधली करने का आरोप लगाया। दुष्यंत ने स्पष्ट किया कि युवाओं के साथ अन्याय करने वालों को “दौड़ा-दौड़ाकर ही पकड़वाना क्यों न पड़े”, वे इसके लिए तैयार हैं।