हरियाणा में नए साल में 30 हजार नई सरकारी नौकरियों की भर्ती की तैयारी शुरू
हरियाणा में नए साल में 30 हजार नई सरकारी नौकरियों की भर्ती की तैयारी शुरू

Satya Khabar, Panchkula
अगर आप हरियाणा सरकार की नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। हरियाणा में नए साल में 30 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां होंगी। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से लेकर प्रथम और द्वितीय श्रेणी के रिक्त पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में हरियाणा सरकार में विभिन्न श्रेणियों के 17 हजार से अधिक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अन्य पदों को लिए जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी कर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) अब सीईटी की मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटा है। साथ ही चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए अलग से सीईटी आयोजित कराया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी विभागों और बोर्ड-निगमों को रिक्त पदों को भरने के लिए मांगपत्र भेजने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।
बताया गया है कि सबसे पहले शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी होते ही परीक्षाओं का दौर शुरू होगा। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया इस हिसाब से शुरू की जा रही है कि आने वाले शिक्षा सत्र में जब स्कूल खुलें तो सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी न रहे।
हरियाणा में बेरोजगारी की दर में आई काफी गिरावट
आरबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा में बेरोजगारी दर सात सालों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। वर्तमान में गांवों में प्रति हजार सिर्फ 31 और शहरों में 40 लोग बेरोजगार हैं। जहां 2017-18 में शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 73 और ग्रामीण क्षेत्रों में 93 तक पहुंच चुका था। पहले गांव में बेरोजगारी की दर ज्यादा थी लेकिन वर्तमान में गांव की तुलना में शहर में बेरोजगारी की दर ज्यादा है।
हरियाणा में बेरोजगारी घटने के पीछे विशेषज्ञ एमएसएमई की बड़ी भूमिका मानते हैं। फिलहाल करीब 12 लाख एमएसएमई में ढाई लाख से ज्यादा इकाई पिछले 5 वर्षों में हरियाणा में स्थापित हुई हैं, जिनमें 15 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला। वहीं पड़ोसी राज्य राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाबा और दिल्ली से तुलना करें तो हरियाणा की स्थिति बेरोजगारी दर में सबसे ठीक है।
साल दर साल हरियाणा में बेरोजगारी की दर
वर्ष शहर गांव
2017-18 73 93
2018-19 87 95
2019-20 65 65
2020-21 81 54
2021-22 89 90
2022-23 65 58
2023-24 40 31