Birender Singh का नया पैंतरा, भूपेंद्र-दीपेंद्र का किया बचाव, कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया
Birender Singh का नया पैंतरा, भूपेंद्र-दीपेंद्र का किया बचाव, कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया

कांग्रेस दिग्गज एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने दावा किया है कि बिहार के चुनावों के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने बातों ही बातों में भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा। वह भिवानी में सद्भाव यात्रा की तैयारी की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस के नेताओं द्वारा सद्भाव यात्रा में शामिल नहीं होने पर बीरेंद्र सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर जनता और कार्यकर्ता हमारे साथ है तो आखिर नेता जाएंगे कहां? यहां बता दें कि बीरेंद्र सिंह के बेटे और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा से हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने कन्नी काट रखी है। हरियाणा कांग्रेस के नेता सद्भाव यात्रा को बृजेंद्र सिंह की व्यक्तिगत यात्रा बता रहे हैं जबकि बृजेंद्र सिंह का दावा है कि यह यात्रा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से चर्चा के बाद शुरू की गई है।
वोट चोरी का मुद्दा प्रमुख
उन्होंने स्पष्ट किया कि सद्भाव यात्रा में वोट चोरी का मुद्दा भी प्रमुख रहेगा। वहीं, हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर लगे आरोपों का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट चोरी करने का पैटर्न देशभर में समान है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी यही हुआ, जबकि वहां बाप-बेटा नहीं थे।
टिक नहीं पाएगी केंद्र सरकार- बीरेंद्र सिंह
बिहार चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा छोटे दलों के सहारे सत्ता में आती है और बाद में उन्हीं की बली चढ़ाकर अपनी स्थिति मजबूत करती है। उनका दावा है कि नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहारे चल रही केंद्र सरकार दो से ढाई साल से अधिक नहीं टिकेगी, क्योंकि ये दोनों नेता अपनी पार्टी का अस्तित्व नहीं खोएंगे।
जाति-धर्म की राजनीति करने की कोशिश में भाजपा- बीरेंद्र सिंह
बीरेन्द्र सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह देश में स्थायी राज कायम करने की कोशिश में धर्म और जाति की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि 400 पार का दावा करने वाली भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई और यदि 79 सीटों पर वोट चोरी न होती, तो पार्टी 160 सीटों पर रह जाती।