CR पार्क में पिता और बेटे की हत्या से दिल्ली में मचा हड़कंप बड़ा खुलासा

दक्षिण दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां धन लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पिता और पुत्र की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना आपसी रंजिश और आर्थिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
अपार्टमेंट के बाहर खून से लथपथ मिले दोनों शव
पुलिस को घटना की सूचना एफ ब्लॉक स्थित एक अपार्टमेंट से शाम के समय मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां राकेश सूद और करण सूद अपने घर के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक हुआ और बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच में पुरानी रंजिश और तीसरे घायल का खुलासा
मामले की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह वारदात केवल धन विवाद नहीं बल्कि पुरानी रंजिश का भी नतीजा है। 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे साकेत स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से सूचना मिली थी कि सीआर पार्क के ताराअपार्टमेंट से तीन लोगों को घायल अवस्था में लाया गया है। डॉक्टरों ने राकेश सूद और करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनका एक रिश्तेदार राहुल गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
आरोपी हिरासत में, इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस जांच में सामने आया कि हमले का आरोपी असद है, जो उसी सोसायटी में रहता है। बताया जा रहा है कि उसने धारदार हथियार से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सीआर पार्क थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग और परिजन सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।