देश के सबसे प्रदूषित शहरों में करनाल तीसरे, पानीपत छठे स्थान पर अभी नहीं हो रहा हरियाणा में जहरीली हवा पर नियंत्रण
देश के सबसे प्रदूषित शहरों में करनाल तीसरे, पानीपत छठे स्थान पर अभी नहीं हो रहा हरियाणा में जहरीली हवा पर नियंत्रण

हरियाणा की हवा पिछले एक सप्ताह से लगातार जहरीली बनी हुई है। आज सुबह 7:00 बजे के आंकड़े बताते हैं कि देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर हरियाणा का बेगमपुर है। अगर प्रदूषित शहरों की बात करें तो देश के पांच प्रदूषित शहरों में तीन हरियाणा के हैं और ऊपर के 10 प्रदूषित शहरों में से शहर हरियाणा के हैं। देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित 20 शहरों में आठ शहर हरियाणा के हैं।
करनाल देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। आज सुबह 7:00 बेगमपुर में AQI 653 दर्ज किया गया जबकि करनाल में यह 412 था। कैमला में 350 और पानीपत में 322 दर्ज किया गया। हरियाणा की यह चारों शहर प्रदूषण की दृष्टि से खतरनाक बने हुए हैं यहां की हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है। देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों में हरियाणा के दरियापुर और नौल्था भी शामिल हैं। अन्य शहरों की बात करें तो AQI कुरुक्षेत्र में 276, कैथल में 266, जींद में 264 दर्ज किया गया।
हरियाणा के अधिकांश शहरों में AQI गंभीर स्थिति में बना हुआ है। हरियाणा के कुछ ही शहर ऐसे हैं, जहां AQI 200 से कम है। इन शहरों में अंबाला, नारनौल, पंचकूला, सिरसा, गुरुग्राम, भिवानी, चरखी दादरी शामिल हैं। आज सुबह हरियाणा के फतेहाबाद में AQI 227 दर्ज किया गया जबकि हिसार में 202, पलवल में 215, सोनीपत में 250, यमुनानगर में 249, बहादुरगढ़ में 216, धारूहेड़ा में 200, फरीदाबाद में 238 दर्ज किया गया।
हरियाणा में बारिश की संभावना
हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट लेना शुरू कर दिया है। अक्टूबर का महीना अब अपने आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन गर्मी फिर से सिर उठाने लगी है। सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है। मगर दिन में चटक धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। लेकिन अब मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है कि दिल्ली एनसीआर समेत पूरे हरियाणा में जल्द ही मौसम बदलने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्र में 27 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिसका असर सीधे दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा पर पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 27 अक्टूबर की शाम से ही बादल छाने शुरू हो जाएंगे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। यह सिलसिला 28 अक्टूबर की सुबह तक जारी रहेगा। यानी कहा जा सकता है कि छठ पूजा से पहले मौसम सुहावना और ठंडा हो जाएगा।
हालांकि छठ पूजा के दिन सूरज देवता के दर्शन के लिए लोगों को थोड़ा इंतज़ार करना पड़ सकता है, क्योंकि उस दिन भी बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।