एल्विश यादव पर फायरिंग मामले में मुख्य शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान इशांत के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीम को इशांत के इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। उसे मौके से काबू कर लिया गया। बताया जा रहा है कि इशांत गांधी इस वारदात का मुख्य आरोपी है, जिसने हाल ही में गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव पर फायरिंग की थी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी थी।
बता दें कि 17 अगस्त को एल्विश के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। सीसीटीवी कैमरा के वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग हेलमेट पहने हुए एल्विश के घर के बाहर आए और ताबड़तोड़ 24 राउंड फायरिंग की। इसके बाद फरार हो गए। गनीमत रही कि उनके पिता, मां, केयरटेकर या अन्य कोई इस हमले में हताहत नहीं हुआ। एल्विश के घर पर हुए हमले की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एल्विश ने बैटिंग ऐप प्रमोट करके कई घरों को बर्बाद कर दिया। इसलिए ये हमला किया। इस हमले के बाद एल्विश के परिवार को पुलिस सुरक्षा दी गई है। 8 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार तड़के करीब 4:30 बजे ईशांत बाइक पर फर्राटा भर रहा था। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक भगानी शुरू कर दी और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आरोपी ने लगातार चार राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली उसके पैर में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली है।
डीसीपी क्राइम फरीदाबाद मुकेश कुमार ने बताया कि ईशांत गांधी 17 अगस्त को गुरुग्राम सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग में शामिल शूटरों में से एक है। सीसीटीवी फुटेज में भी उसे गोली चलाते हुए देखा गया था।
जुड़ सकता है अन्य मामलों से कनेक्शन
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर भी फायरिंग हुई थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच साथ-साथ कर रही है, क्योंकि एल्विश यादव और राहुल फाजिलपुरिया का एक साझा म्यूजिक एल्बम भी हाल ही में विवादों में रहा था। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि ईशांत गांधी से अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद गहन पूछताछ की जाएगी। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।