मेट्रो, बुढ़ापा पेंशन, बाईपास, स्विमिंग पूल के मामलों को लेकर विधानसभा में हुई बहस
विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को सदन में घेरा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana assembly question hour : गुरुग्राम में मेट्रो नेटवर्क को दक्षिण दिशा में विस्तार देते हुए हरियाणा सरकार ने भौंडसी तक मेट्रो बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। सरकार ने इसके लिए मैसर्ज राइट्स को कंसलटेंट नियुक्त किया है और परियोजना पर प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुका है। विधानसभा में सोहना से भाजपा विधायक तेजपाल तंवर के प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने यह जानकारी दी।
सरकार के अनुसार, भौंडसी से सुभाष चौक और राजीव चौक से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक मेट्रो विस्तार का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और टेक्नो इकोनॉमिक फिजिबिलिटी अध्ययन का कार्य जारी है।
सोहना तक मेट्रो विस्तार की मांग उठाते हुए तंवर ने क्षेत्र के औद्योगिक महत्व का उल्लेख किया। सरकार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल भौंडसी तक का विस्तार प्राथमिकता में है। सोहना तक आगे विस्तार का निर्णय फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। सोहना रोड पर तेजी से हो रहे आवासीय और व्यावसायिक विकास को देखते हुए यह विस्तार भविष्य के ट्रैफिक दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
बुढ़ापा पेंशन पर हंगामा, मंत्री बोले- तसल्ली बैठानी पड़ेगी
बजट सत्र की शुरुआत में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने पूछा कि कितने लोगों की वृद्धावस्था पेंशन वेरिफाई कराने के नाम पर रोकी गई? इसका मंत्री कृष्ण बेदी ने जवाब दिया कि बुढ़ापा पेंशन में डेथ केस की वजह से 78 हजार पेंशन कटी हैं। अपात्रता पाए जाने पर 5 हजार से ज्यादा पेंशन कटी हैं। बहुत सी विधवा अब बुढ़ापा पेंशन में कनवर्ट हुई हैं।
विधायक ने टोकते हुए कहा- इतना टाइम वेस्ट करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि कितनी पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी हैं। इस पर बेदी बोले-तसल्ली तो बैठानी पड़ेगी। इसके बाद CM नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सीएम को जवाब देने की कोशिश की तो स्पीकर उन्हें रोक दिया।
कुरुक्षेत्र बाईपास को मिली हरी झंडी
विधानसभा में सड़कों का मुद्दा उठाते हुए थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र में बाईपास निर्माण की पुरानी मांग दोहराई। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने लिए नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री के लाडवा और कृषि मंत्री के रादौर हलके के लिए बात कर रहा हूं। पिपली से यमुनानगर पहुंचने में डेढ़ घंटा लग जाता है।’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि बाईपास की ड्राइंग तैयार है और बजट के साथ इसकी घोषणा कर दी जाएगी। इस आश्वासन से कई सत्रों से लंबित यह मुद्दा आगे बढ़ता नजर आया। बाईपास बनने से कुरुक्षेत्र शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्विमिंग पूल पर मंत्री और विधायक में विवाद
जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने अपने क्षेत्र के खिलाड़ियों की सुविधाओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन में सवाल किया कि क्या रामराय गांव में स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ जमीन दान दी गई थी और अगर दी गई थी तो वहां स्विमिंग पूल बनाने का कोई प्लान क्यों नहीं है? उन्होंने सरकार से साफ जवाब मांगा कि अगर पूल बनाने का प्रस्ताव नहीं है तो इसके पीछे क्या वजह है? इस सवाल के बाद सदन में खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने विनेश फोगाट के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि रामराय गांव में स्विमिंग पूल बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि वहां पूल बनाना व्यवहारिक नहीं है। मंत्री के इस जवाब पर विनेश फोगाट ने तुरंत सवाल उठाया और पूछा कि आखिर यह व्यवहारिक क्यों नहीं है? उन्होंने कहा कि गांव में रोज 250 से 300 बच्चे तैराकी की प्रैक्टिस करते हैं और सुविधाएं नहीं होने की वजह से उन्हें तालाब में अभ्यास करना पड़ता है।
विनेश फोगाट ने कहा कि तालाब में प्रैक्टिस करने से बच्चों को एलर्जी और दूसरी परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वह खुद उनके साथ गांव चलें और तालाब में तैर कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री को तैरने के बाद अस्पताल में भर्ती न होना पड़े तो वह अपना दावा छोड़ देंगी। विनेश के इस बयान के बाद सदन में कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया और इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई।
खेल मंत्री ने अपने जवाब में कहा कि “रामराय गांव से 10 से 12 किलोमीटर दूर एकलव्य स्टेडियम में स्विमिंग पूल मौजूद है। इसके अलावा जींद में भी कई ओलिंपिक स्तर के स्विमिंग पूल हैं, जहां खिलाड़ी अभ्यास कर सकते हैं।” इस पर विनेश फोगाट ने कहा कि “एकलव्य स्टेडियम में प्राइवेट एजेंसी को ठेका दिया गया है और वहां बच्चों से फीस ली जाती है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली बच्चे फीस नहीं दे पाते और उन्हें सही ट्रेनिंग नहीं मिल पाती।”
बहस के दौरान विनेश फोगाट ने यह भी कहा कि मंत्री उनसे न तो फोन पर बात करते हैं और न मिलने का समय देते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि उनसे रोज हजारों लोग मिलने आते हैं। इस पर विनेश ने जवाब दिया कि उन हजारों लोगों में उनका नाम शामिल नहीं है। मामला बढ़ता देख स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने हस्तक्षेप किया और मंत्री से कहा कि विधायक को बुलाकर बात करें। साथ ही विनेश फोगाट को भी सलाह दी गई कि वह इस मामले में पूरा प्रस्ताव तैयार कर सरकार के सामने रखें, ताकि आगे इस पर फैसला लिया जा सके.
चार विधायकों से सटा गांव, पीएचसी पर अटका मामला
असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने मुनक गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना का मुद्दा उठाया। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि परियोजना में 20 प्रतिशत निर्माण प्रगति के बाद कार्य रोक दिया गया था। इस परियोजना पर 11.5 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान था, जिसे अधिक माना गया। अब विभाग लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से नया प्रस्ताव तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण प्रक्रिया रुकी हुई है। राणा ने कहा कि मुनक गांव स्पीकर हरविन्द्र कल्याण, शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और उनके विधानसभा क्षेत्रों से सटा हुआ है। पानीपत रिफाइनरी के कारण क्षेत्र में मरीजों की संख्या अधिक रहती है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि विभाग जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
#TheAssembly #MetroIssues #OldAgePension #BypassDebate #SwimmingPoolDiscussion #PublicDebate #CommunityMatters #InfrastructureInvestments #ElderlySupport #UrbanDevelopment #PublicServices #QualityOfLife #SocialWellbeing #LocalGovernance #CityPlanning #EngageTheCommunity #PolicyMatters #CivicEngagement #PublicHearing