हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में पुलिस हिरासत में युवक की मौत
पत्नी ने मंगलवार को दी थी पुलिस को शिकायत, पुलिस ने तुरंत पकड़ कर लॉकअप में किया बंद, कुछ घंटे बाद युवक ने तोड़ा दम

सत्य खबर हरियाणा
Death in Police Custody : हिसार में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। अर्बन एस्टेट थाने के लॉकअप में बंद 30 साल के सुनील की मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले की न्यायिक जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

मृतक युवक स्थानीय मच्छी मार्केट में चिकन कॉर्नर चलाता था। थाने के भीतर हुई इस मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है और मौत के असल कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। कस्टोडियल डेथ का मामला होने के कारण कानूनन चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) को इसकी सूचना दी गई है, जिनके पहुंचने के बाद ही शव को लॉकअप से बाहर निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
पत्नी की शिकायत पर हवालात पहुंचा था सुनील
इस पूरे मामले की जड़ पारिवारिक विवाद से जुड़ी हुई है। मंगलवार को सुनील की पत्नी संध्या ने अर्बन एस्टेट थाने पहुंचकर पुलिस को एक लिखित शिकायत दी थी। संध्या का आरोप था कि उसका पति सुनील बुरी तरह नशे का आदी है और आए दिन घर में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता है। अक्सर पति पत्नी के मामले में पुलिस समझौते का प्रयास करती है और उसके लिए दो-तीन दिन इन लोगों को बिठाकर उन्हें समझाने का काम किया जाता है लेकिन इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सुनील को हिरासत में लेकर थाने के लॉकअप में बंद कर दिया। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि चंद घंटों बाद ही लॉकअप के भीतर से उसकी मौत की खबर सामने आएगी।
थाने पहुंची पत्नी ने लगाए थे आरोप
मृतक सुनील की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसका पति रोज नशे में धुत्त होकर उसे पीटता है। एक बार तो उसने उसे छत से नीचे धक्का देकर सीधे जान से मारने की कोशिश भी की थी। महिला ने कहा कि पहले भी कई बार पुलिस के पास गुहार लगाने आई, लेकिन पुलिस हर बार उसे सिर्फ समझाकर या थोड़ी देर पकड़कर छोड़ देती थी।
मौत की वजह पर सस्पेंस, न्यायिक जांच की तैयारी
थाने के भीतर हुई इस मौत ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सुनील की मौत किसी बीमारी की वजह से हुई, उसने खुदकुशी की या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों ने मामले में चुप्पी साधी हुई है। सीजेएम की मौजूदगी में ही शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही सुनील की मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
#HaryanaNews #PoliceCustody #JusticeForYouth #Hisar #UrbanEstate #HumanRights #YouthRights #PoliceAccountability #TragicIncident #HaryanaPolice #CommunityOutrage #JusticeMatters #PoliceReform #YouthVoices #CivicEngagement #SocialJustice #PublicSafety #HaryanaYouth #AwarenessCampaign #DemandJustice